कटनी में गूंजा “जय श्री राम” – हनुमान चालीसा अनुष्ठान में उमड़ा जनसैलाब, रक्तदान का दिया संदेश

Editor National news tv
0

 


कटनी। धर्म सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा नई बस्ती स्थित आई फिट स्पोर्ट्स टर्फ में भव्य श्री हनुमान चालीसा अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर भक्ति की गंगा में डुबकी लगाई और पूरे वातावरण को हनुमानमय बना दिया।

कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रतिष्ठित चिकित्सक, युवा उद्यमी और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्री बजरंग बाल रामायण समाज, कटनी की संगीतमय वाणी सेवा ने जब हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ किया, तो पूरा परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

संस्था द्वारा पूरे अनुष्ठान को विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ हनुमान चालीसा एवं आरती संग्रह का वितरण भी किया गया, जिससे भक्ति का यह संदेश हर घर तक पहुंचे।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल रही — रक्तदान जागरूकता अभियान। सोसाइटी के सदस्यों ने मौके पर ही रक्तदान हेतु पंजीयन कराया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

सोसाइटी के अध्यक्ष ने कहा, “रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि जीवनदान है। हमारा उद्देश्य समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करना है।”

कार्यक्रम में सोसाइटी की महिला विंग ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और सामाजिक चेतना का अनूठा समन्वय देखने को मिला। अंत में भगवान हनुमान की आरती के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन किया गया, लेकिन समाज सेवा और रक्तदान का संदेश हर हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)