कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर एनकेजे थाना पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए सोमवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा की मौजूदगी में एनकेजे के बजरिया क्षेत्र में पुलिस बल ने पैदल मार्च किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी गई।
वहीं दुर्गा चौक पर पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते मिले करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और तलाशी भी ली। उनकी पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चेकिंग और पैदल फ्लैग मार्च जैसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
