कटनी।कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित जिला सहकारी बैंक की भूमि को लेकर विवाद और गहरा गया है। आज राजस्व विभाग के पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक मौके पर सीमांकन करने पहुंचे। जानकारी के अनुसार यह भूमि राजस्व अभिलेखों मे पटवारी हल्का नंबर 45 के अंतर्गत खसरा नंबर 1097/3, 1099/1 एवं 1090/3 में दर्ज है। भूमि सीमांकन के बाद राजस्व अधिकारियों ने बताया कि यह भूमि , जो रिकॉर्ड अनुसार अल्फट प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर दर्ज बताई गई है। कंपनी के डायरेक्टर बी.डी. गौतम बताए जा रहे हैं।
सीमांकन की कार्रवाई समाप्त होते ही बी.डी. गौतम द्वारा जिला सहकारी बैंक के सामने सीमेंट की रेडीमेड बाउंड्री लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। बाउंड्री निर्माण की जानकारी लगते ही बैंक कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तीव्र विरोध दर्ज कराया, जिसके चलते कुछ समय के लिए कार्य रुकवाया गया। हालांकि, विरोध के बावजूद बाद में दोबारा काम शुरू किया गया और अंततः बाउंड्री निर्माण पूरा कर लिया गया।
बैंक प्रबंधन का कहना है कि जिला सहकारी बैंक लगभग 100 वर्षों से इसी स्थान पर संचालित है और यह भूमि बैंक को दान स्वरूप प्राप्त हुई थी। बैंक मैनेजर के अनुसार, वर्षों से बैंक के कब्जे और उपयोग में रही भूमि पर अब अचानक बाउंड्री खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।