कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत धुनौर गांव में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जंगल में लकड़ी बीनने गए 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को जबड़े में दबाकर घने जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों की तलाश के बाद करीब 500 मीटर अंदर झाड़ियों के बीच बच्चे का शव बरामद किया गया।
बहन और दोस्तों के साथ गया था जंगल
प्त्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक अपनी बहन और दोस्तों के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मारा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेंदुआ बच्चे को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। साथ गए बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे लेकर जंगल में खोजबीन शुरू की।
500 मीटर अंदर झाड़ियों में मिला शव
ग्रामीणों की काफी तलाश के बाद धने जंगल के भीतर झाड़ियों के बीच बच्चे का शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर, सर्च ऑपरेशन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर गौरव शर्मा के नेतृत्व में इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तेंदुए की लोकेशन पता करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवाकर जंगल में लगाया गया है।
पगचिन्हों के आधार पर तेंदुए की तलाश
वन विभाग की टीम तेंदुए के पगचिन्हों के आधार पर उसकी दिशा और मूवमेंट का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को जल्द पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
