वरिष्ठ पार्षद से अभद्रता पड़ी भारी, नगर निगम उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी निलंबित

Editor National news tv
0

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में आयोजित लोक निर्माण एवं उद्यान समिति की बैठक के दौरान अनुशासनहीनता का मामला सामने आने पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। समिति सदस्य एवं वरिष्ठ पार्षद मिथिलेश जैन के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समिति की बैठक के दौरान उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी ने सार्वजनिक मंच पर वरिष्ठ पार्षद से ऊंची आवाज में बात करते हुए मर्यादाहीन आचरण किया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने पहले उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।
उपयंत्री द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण को नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने असंतोषजनक मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी को सुरम्य पार्क, नगर पालिक निगम कटनी में संबद्ध किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में अनुशासन को लेकर स्पष्ट और सख्त संदेश गया है। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच इस निर्णय को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)