कटनी। इंदौर में दूषित पानी पीने से निर्दोष नागरिकों की हुई दर्दनाक मौतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को कटनी में एकदिवसीय उपवास रखकर सरकार के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस उपवास कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने किया।
उपवास स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्रित हुए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के साथ समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इंदौर की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की विफलता का परिणाम करार दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसी व्यवस्था की विफलता के कारण आम नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसे सरकार और प्रभारी मंत्री की नैतिक विफलता बताते हुए कांग्रेस ने उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही दिवंगत नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कांग्रेसजनों ने पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा, घटना के दोषियों पर कठोर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि केवल जांच के आश्वासन से काम नहीं चलेगा, जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना का नाम बदलने के प्रस्ताव का भी जोरदार विरोध किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश की आजादी और सामाजिक न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया, ऐसे में उनके नाम से जुड़ी योजना का नाम बदलना देश के मूल्यों और इतिहास का अपमान है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के जीवन, अधिकार और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपवास केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही तय करने की सशक्त पहल है। स्वच्छ पेयजल, जनसुरक्षा और जवाबदेह शासन को लेकर कांग्रेस का आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
उपवास कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रभारी राजेश चौबे, बी.एम. तिवारी, हरिशंकर शुक्ला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा, राजा जगवानी, सौम्या राधेलिया, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, सुशील जायसवाल, राकेश गुड्डू द्विवेदी, जालिम यादव, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, शैलेन्द्र शुक्ला, गणेश राव, रविशंकर दुबे, कमल पांडे, संजय गुप्ता, माया चौधरी, आदिता वर्मा, हेमा शर्मा, मुमताज बानो, शशि यादव, ओमप्रकाश कुशवाहा, अजय कोल, विनीत जायसवाल, नारायण निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
