कटनी।हर्षोल्लास और श्रद्धा के वातावरण में शिव शक्ति राम मंदिर, एस.के.पी. परिसर में भगवान राम दरबार की ग्यारहवीं वर्षगांठ, शनि देव की दूसरी वर्षगांठ एवं भगवान परशुराम की प्रथम वर्षगांठ के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
आयोजन के तहत 25 जनवरी 2026 को अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। वहीं 26 जनवरी 2026 को अखंड मानस का विधिवत समापन हवन-पूजन के साथ किया गया।
समापन उपरांत विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं शिव शक्ति राम मंदिर रामायण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान राम दरबार, शनि देव एवं भगवान परशुराम की सुसज्जित झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए धर्ममय वातावरण में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति, रामायण मंडल एवं सभी सहयोगी संगठनों का विशेष योगदान रहा।
