मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी को दो दिन बीते, चोर पहुंच से दूर; नाक के नीचे हुई पुरानी चोरियों का भी नहीं हुआ खुलासा

Editor National news tv
0

 


कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल दुकान में 9 और 10 तारीख की दरम्यानी रात हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में घटना के दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। चोर दुकान से   महंगे मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है।

इससे पहले भी कोतवाली क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है। 6 दिसंबर को जिला अस्पताल परिसर स्थित स्टाफ क्वार्टर (H-5) में रहने वाली एक स्टाफ नर्स के सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए थे। घटना को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।

वहीं 30 जनवरी की रात कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित मुरली मेडिकल को भी चोरों ने निशाना बनाया था। बदमाश छप्पर तोड़कर दुकान के भीतर घुसे और चोरी कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद आज तक मामले में  एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और लंबित मामलों को लेकर क्षेत्रीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रमुख इलाकों में हुई वारदातों का खुलासा नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)