कटनी। जिला अस्पताल परिसर स्थित पार्किंग स्टैंड के प्रवेश द्वार पर "पुलिस" लिखा एक निजी वाहन काफी देर तक खड़ा रहा। प्रवेश द्वार के सामने वाहन खड़ा होने से पार्किंग में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही कि आखिर इस वाहन को हटाने की हिम्मत कौन करता, क्योंकि वाहन पर "पुलिस" लिखा हुआ था।
हर दिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आम नागरिकों के चालान काटे जाते हैं और नियमों का पालन करने की सीख दी जाती है। ऐसे में जब सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की स्थिति दिखाई देती है, तो लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या नियम सभी के लिए समान हैं, या कुछ लोगों के लिए अलग व्यवस्था है?
अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हैं या फिर इसे सामान्य घटना मानकर अनदेखा कर दिया जाएगा। कानून की विश्वसनीयता तभी बनी रहती है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सभी पर समान रूप से होता दिखाई दे।

