सड़क बनी पार्किंग, जिम्मेदार बने मूकदर्शक... शंकर टॉकीज के समीप रोज बिगड़ रहे हालात

Editor National news tv
0

 


कटनी। शहर के व्यस्त क्षेत्रों में शामिल शंकर टॉकीज के समीप स्थित बाजार में सड़कें अब आवागमन से ज्यादा पार्किंग के लिए इस्तेमाल होती नजर आ रही हैं। दुकानों के सामने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे हर दिन जाम जैसे हालात बन रहे हैं। राहगीरों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।

हैरानी की बात यह है कि इसी क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित स्टेशन चौराहे पर यातायात पुलिस कर्मियों की नियमित ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद सड़क पर फैल रही अव्यवस्थित पार्किंग पर न तो सख्ती नजर आती है और न ही व्यवस्था सुधारने का कोई प्रयास दिखाई देता है।

वहीं, नगर निगम का अतिक्रमण अमला शहर के कई इलाकों में कार्रवाई करता नजर आता है, लेकिन शंकर टॉकीज के समीप सड़क पर कब्जा जमाए इस अव्यवस्थित पार्किंग तक पहुंचने की जहमत शायद ही उठाई जाती हो। इससे लोगों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इस क्षेत्र में नियमों का पालन कौन कराएगा?

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं। खरीदारी के लिए आने वाले लोग दुकानों के सामने ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क और संकरी हो जाती है। कई बार दो बड़े वाहन आमने-सामने आने पर लंबा जाम लग जाता है और निकलने में काफी समय लग जाता है।

यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने मांग की है कि यातायात पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सड़क पर हो रही अव्यवस्थित पार्किंग को व्यवस्थित कराएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग इस अव्यवस्था को कब तक नजरअंदाज करते रहेंगे और शंकर टॉकीज के समीप सड़क को पार्किंग बनने से रोकने के लिए आखिर कब ठोस कार्रवाई होगी?

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)