कटनी। नववर्ष के आगमन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से एनकेजे थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। शनिवार देर शाम से रात तक पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कों के साथ-साथ थाना क्षेत्र मे संचालित ढाबों पर भी पुलिस ने दबिश देकर जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की, जिसमें शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लगभग एक दर्जन लोगों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों को समझाइश भी दी गई, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त रुख अपनाया गया।
पुलिस की अचानक की गई इस कार्रवाई से ढाबों और सड़कों पर मौजूद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए साल के जश्न के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है।
NKJ पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नववर्ष की रात और उसके बाद भी यह सघन जांच अभियान जारी रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत जिम्मेदारी और संयम के साथ करें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ दूसरों की जान को भी सुरक्षित रखें।