कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरी रोड पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढलान पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। जिससे उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई।जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार मैहर जिले के ग्राम मन्तुलवा निवासी एक ही परिवार के कुछ सदस्य कल पथ लेकर विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चोरी आए थे। बुधवार शाम सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चोरी रोड पर ढलान के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल कटनी भिजवाया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पूजा सिंगरौली (निवासी जिला मैहर) ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक सवारी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
