एनकेजे थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक:2025 में हुई चार चोरियां 2026 में भी अनसुलझी

Editor National news tv
0

 



कटनी।एनकेजे थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्षभर में चार चोरियों की घटनाएं सामने आईं, लेकिन विडंबना यह है कि नया वर्ष 2026 आ जाने के बावजूद पुलिस आज तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली चोरी 25 अप्रैल 2025 को ग्राम केवलारी में हुई, जहां अज्ञात चोर कीमती सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

इसके बाद 30 अप्रैल 2025 को साईं पूरम कॉलोनी में चोरी की वारदात सामने आई, जिसमें चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात सहित नकद राशि पर हाथ साफ किया।

तीसरी घटना 5 मई 2025 को कृष्णा कॉलोनी में हुई, जहां से सोने-चांदी के जेवरात के साथ करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी किए गए।

इन तीनों घटनाओं के अलावा 31 दिसंबर 2025 को वर्ष के अंतिम दिन राघव रेजेंसी के समीप स्थित देव ऑडियो दुकान में भी चोरी की घटना हुई। वर्ष समाप्त हो गया, लेकिन इस मामले में भी आज तक न तो आरोपी पकड़े गए और न ही चोरी गया माल बरामद हो सका।

स्थिति यहीं तक सीमित नहीं है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाएं भी हुईं, लेकिन कई मामलों में पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध तक नहीं किया, जिससे अपराध के वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आ सके और चोरों के हौसले और बुलंद हो गए।

लगातार लंबित मामलों, शिकायतों की अनदेखी और ठोस कार्रवाई के अभाव में आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई केवल कागज़ों तक सीमित रह गई है।अब बड़ा सवाल यह है कि एनकेजे पुलिस इन चारों चोरियों का खुलासा कब करेगी और दर्ज न की गई घटनाओं पर कब संज्ञान लेगी, या फिर ये सभी मामले भी समय के साथ फाइलों में ही दफन होकर रह जाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)