कटनी। शहर से लगे पीर बाबा बायपास एवं नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नहीं के अधिकारियों के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक ने पीर बाबा ओवरब्रिज के समीप कटनी शहर में प्रवेश करने वाले डायवर्सन प्वाइंट का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जो सांकेतिक चिन्ह एवं सुरक्षा संकेतक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, उन्हें तत्काल पुनः स्थापित किया जाए, ताकि बाहर से आने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की दुविधा या भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।
एसपी ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड, डायवर्जन संकेतक, पोल एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पीर बाबा बायपास क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण माना गया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित दुकानदारों के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही झिंझरी चौकी एवं यातायात थाना प्रभारी को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने और यातायात व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने तेज रफ्तार एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी क्रम में पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग एवं चालानी कार्रवाई जारी है।
