कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत बुधवार को कुठला थाना पुलिस ने जागरूकता वाहन रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। अभियान के दौरान सैकड़ों नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। रैली थाना परिसर से शुरू होकर पुरैनी तिराहा, पन्ना मोड़, पहरुआ गल्ला मंडी और इंद्रानगर तिराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान "नशे से दूरी है जरूरी", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" और "स्वस्थ युवा–सशक्त भारत" जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शराब, गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, नशीली दवाइयों, तंबाकू समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और भविष्य पर भी गंभीर असर डालती है तथा कई युवाओं को अपराध और दुर्घटनाओं की ओर धकेल देती है।
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरित किए गए, पोस्टर और बैनरों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई गई। उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा खेल, शिक्षा, योग और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने कहा कि नशे के खिलाफ यह केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों के सहयोग से ही नशामुक्त वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे को जीवन से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
