जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर ऑटो चालकों की मनमानी, एम्बुलेंस तक फंसी... यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे

Editor National news tv
0

 


कटनी। जिला अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ऑटो चालकों की मनमानी मरीजों की जान पर भारी पड़ रही है। अस्पताल के गेट के ठीक सामने ऑटो खड़े कर सवारी भरने की होड़ के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। हालात ऐसे हैं कि कई बार मरीजों को लेकर पहुंचने वाली एम्बुलेंस तक का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है।

शुक्रवार शाम का दृश्य भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब जिला अस्पताल के गेट पर ऑटो चालकों के जमावड़े के बीच एक एम्बुलेंस को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की अव्यवस्था गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के बाहर लंबे समय से ऑटो चालकों का अघोषित कब्जा बना हुआ है। यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अस्पताल के मुख्य द्वार पर जाम की स्थिति बनने के बावजूद यातायात पुलिस के दर्शन आखिर क्यों दुर्लभ हैं?

यदि समय रहते इस समस्या पर कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी गंभीर मरीज के लिए कुछ मिनटों की यह देरी जानलेवा भी साबित हो सकती है। नागरिकों ने प्रशासन से अस्पताल के प्रवेश द्वार को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने तथा नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)