दो महीने, लाखों की चोरी... और पुलिस अब भी खाली हाथ! बरही रोड की चोरी बनी पुलिस की परीक्षा, अग्रवाल मोबाइल शॉप में करीब पांच लाख की चोरी का अब तक नहीं खुला राज

Editor National news tv
0


कटनी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल शॉप में 9-10 मई की दरमियानी रात हुई करीब पांच लाख रुपये की चोरी का खुलासा दो महीने बाद भी नहीं हो सका है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चोरी के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, जांच और जल्द खुलासे का भरोसा भी दिलाया, लेकिन समय बीतता गया और न तो चोरों तक पहुंचा जा सका, न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ। लगातार बीतते दिनों के साथ यह मामला ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर के मुख्य बाजार और संवेदनशील क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा दो महीने में नहीं हो पा रहा, तो आम नागरिक अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भरोसा किस पर करे? आखिर जांच किस दिशा में चल रही है, इसका जवाब भी अब तक सामने नहीं आया है।

व्यापारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं का समय पर खुलासा न होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं, जबकि पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल उठते हैं। अब देखना यह होगा कि कोतवाली पुलिस इस मामले में कब तक चोरों को बेनकाब कर पाती है या यह वारदात भी अनसुलझे मामलों की सूची में शामिल हो जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)