कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और पुराने मामलों का खुलासा करने की चुनौती के बीच ग्राम लोहरवारा में हुई चोरी की घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 4 और 5 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे। घटना के करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं मिलने से मामले के खुलासे का इंतजार बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहरवारा निवासी मीना बाई रजक (35 वर्ष), पति राजेंद्र कुमार रजक के मकान में अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से चांदी का एक ब्रेसलेट, दो जोड़ी पायल, सोने की खुटिया, सोने के तीन लॉकेट सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के बाद से ही चोरी के आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती पुलिस के सामने है।
चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाना चुनौती
क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और पुरानी वारदातों का खुलासा पुलिस के सामने अहम चुनौती है। लोहरवारा की घटना के बाद करीब एक सप्ताह बीतने पर भी आरोपियों का पता नहीं चलने से जांच की प्रगति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, पुरानी चोरी की घटनाओं के खुलासे का इंतजार भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों की उम्मीद है कि पुलिस चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचेगी और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास तेज करेगी।
तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच : थाना प्रभारी
मामले को लेकर बड़वारा थाना प्रभारी सुयेश पाण्डेय का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से जांच जारी होने की बात कही गई है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और चोरी की इस वारदात का खुलासा कब तक हो पाता है।